बीकानेर। कांग्रेस ने जिले की राजनीतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों के बीच एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए अधिवक्ता पीर मोहम्मद जफर शाह को अभाव अभियोग प्रकोष्ठ (देहात) का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति की घोषणा होते ही समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बन गया।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अधिवक्ता पीर मोहम्मद जफर शाह ने पीसीसी चीफ गोविन्दसिंह डोटासरा, अभाव अभियोग प्रकोष्ठ की प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती योगिता शर्मा, जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग एवं संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा तथा संगठन की नीतियों और जनहित के मुद्दों को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि अभाव अभियोग प्रकोष्ठ का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग की समस्याओं को सुनकर उन्हें संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना और उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करना है। संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद और जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।