बीकानेर, 20 अक्टूबर। पंचायत राज आम चुनाव के प्रथम चरण के लिए मंगलवार को तृतीय रेंडमाइजेशन में मतदान दलों को मतदान केंद्र तथा रिटर्निंग अधिकारियों को ग्राम पंचायतें आवंटित की गईं। जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन और चुनाव पर्यवेक्षक नवनीत कुमार की मौजूदगी में एनआईसी परिसर में यह प्रक्रिया पूरी हुई।
प्रथम चरण में खाजूवाला, पूगल, छत्तरगढ़ और रुणिया पंचायत समिति क्षेत्रों की 112 ग्राम पंचायतों में 319 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए 22 अक्टूबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। पंच-सरपंच पदों के लिए 23 अक्टूबर को नामांकन और 24 अक्टूबर को मतदान होगा। मतगणना मतदान के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर होगी, जबकि उपसरपंच का चुनाव 25 अक्टूबर को होगा।
