बीकानेर/श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ के होनहार युवा अर्जून उपाध्याय ने संघ लोक सेवा आयोग की संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा में सफलता हासिल कर भारतीय सेना में अधिकारी बनने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी के 124वें अल्पकालिक सेवा आयोग (गैर-तकनीकी) पाठ्यक्रम के लिए हुआ है।

जानकारी के अनुसार लिखित परीक्षा में सफल होने के बाद अर्जुन ने पांच दिवसीय सेवा चयन बोर्ड की कठिन चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया। इसमें मनोवैज्ञानिक परीक्षण, समूह कार्य, व्यक्तिगत साक्षात्कार सहित विभिन्न चरणों में उनकी नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता और व्यक्तित्व का परीक्षण किया गया। अर्जुन ने सभी चरण सफलतापूर्वक पूरे करते हुए चयन बोर्ड की अनुशंसा प्राप्त की।
