Skip to content
BREAKING

नशा तस्करों पर राजस्थान पुलिस का बड़ा प्रहार , 26 अक्टूबर तक 8,842 आरोपी गिरफ्तार

Updated:

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत व्यापक कार्रवाई

नशा तस्करों पर राजस्थान पुलिस का बड़ा प्रहार , 26 अक्टूबर तक 8,842 आरोपी गिरफ्तार
— सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान
  • डीजीपी राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत व्यापक कार्रवाई
  • एक दिवसीय विशेष अभियान में 262 प्रकरण दर्ज , 278 आरोपी गिरफ्तार , 2.91 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त
  • प्रदेश में अब तक 1,244.20 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद , 30.25 करोड़ रुपये की संपत्तियों पर कार्रवाई

जयपुर , 27 अक्टूबर। राजस्थान को नशा मुक्त बनाने और मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए राजस्थान पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत गत 26 अक्टूबर तक मादक पदार्थों से संबंधित 7,695 प्रकरण दर्ज कर 8,842 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस अवधि में 220 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार करने के साथ 335 हॉटस्पॉट पर छापेमारी की गई। पुलिस ने मादक पदार्थों की बरामदगी के साथ-साथ तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की है।

इसी क्रम में 26 अक्टूबर को प्रदेशभर में एक दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान 262 प्रकरण दर्ज कर 278 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान में 8 सरगनाओं एवं तस्करों को चिह्नित किया गया तथा 6 हॉटस्पॉट पर कार्रवाई की गई। व्यापक जांच अभियान के तहत 3,496 स्थानों की जांच की गई।

एक दिवसीय अभियान में नशे के 278 तस्कर-आरोपी गिरफ्तार , 2.91 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त

अभियान के दौरान 4 लाख 98 हजार 105 रुपये नकद जब्त किए गए। बरामद मादक पदार्थों का अनुमानित मूल्य 2 करोड़ 91 लाख 18 हजार 247 रुपये है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 15 वाहन और 8 मोबाइल फोन भी जब्त किए।

अब तक 8,842 गिरफ्तार , 7,695 प्रकरण दर्ज

आंकड़ों के अनुसार 26 अक्टूबर 2026 तक मादक पदार्थों से संबंधित 7,695 प्रकरण दर्ज किए गए और 8,842 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त फरार , हिस्ट्रीशीटर एवं इनामी श्रेणी के 220 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इस अवधि में 335 हॉटस्पॉट पर छापेमारी की गई।

1,244.20 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद—

कुल कार्रवाई के दौरान राजस्थान पुलिस ने 1,010.55 किलोग्राम अफीम , 131.46 टन डोडा पोस्त और 274.13 किलोग्राम एमडी बरामद की। आंकड़ों के अनुसार इस अवधि में बरामद मादक पदार्थों का कुल मूल्य 1,244.20 करोड़ रुपये है।

नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध लक्षित कार्रवाई करते हुए 35 एमडी फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया गया तथा अवैध खेती के विरुद्ध 144 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस अवधि में 2,125 वाहन जब्त किए गए।

तस्करों की अवैध संपत्तियों पर भी कार्रवाई—

राजस्थान पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी अवैध संपत्तियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की है। 26 अक्टूबर तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार संपत्ति संबंधी कार्रवाई के तहत 250 मामलों में 75 संपत्तियों पर कार्रवाई की गई। इनसे संबंधित संपत्ति का मूल्य लगभग 30.25 करोड़ रुपये है।

इसके अतिरिक्त एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-F के तहत 149 कार्रवाइयां की गईं तथा पीआईटी एनडीपीएस के तहत 101 प्रस्ताव तैयार किए गए। इन कार्रवाइयों का उद्देश्य नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों और इसके आर्थिक नेटवर्क पर अंकुश लगाना है।

3.63 लाख से अधिक नागरिक अभियान से जुड़े—

राजस्थान पुलिस नशे के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता और जनभागीदारी पर भी जोर दे रही है। 26 अक्टूबर तक अभियान से 3,63,547 नागरिकों को जोड़ा गया। इनमें से 3,58,682 नागरिकों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए शपथ ली। इस अवधि में 3,966 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

नशा मुक्त राजस्थान के लिए पुलिस प्रतिबद्ध—

महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में राजस्थान पुलिस का यह अभियान मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने , तस्करी से जुड़े अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करने और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से बचाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।

अभियान में परम्परागत कानूनी कार्रवाई , अवैध संपत्तियों पर प्रहार और जनजागरूकता को साथ लेकर नशा मुक्त राजस्थान के लक्ष्य की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। राजस्थान पुलिस का संकल्प है कि नशा मुक्त राजस्थान , सुरक्षित राजस्थान और स्वस्थ युवा के उद्देश्य को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाया जाए।

डॉ. कमलेश/ब्रजेश

स्रोत: Times of Rajasthan

Source: Times of Rajasthan

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News