- डीजीपी राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत व्यापक कार्रवाई
- एक दिवसीय विशेष अभियान में 262 प्रकरण दर्ज , 278 आरोपी गिरफ्तार , 2.91 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त
- प्रदेश में अब तक 1,244.20 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद , 30.25 करोड़ रुपये की संपत्तियों पर कार्रवाई
जयपुर , 27 अक्टूबर। राजस्थान को नशा मुक्त बनाने और मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए राजस्थान पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत गत 26 अक्टूबर तक मादक पदार्थों से संबंधित 7,695 प्रकरण दर्ज कर 8,842 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस अवधि में 220 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार करने के साथ 335 हॉटस्पॉट पर छापेमारी की गई। पुलिस ने मादक पदार्थों की बरामदगी के साथ-साथ तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की है।
इसी क्रम में 26 अक्टूबर को प्रदेशभर में एक दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान 262 प्रकरण दर्ज कर 278 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान में 8 सरगनाओं एवं तस्करों को चिह्नित किया गया तथा 6 हॉटस्पॉट पर कार्रवाई की गई। व्यापक जांच अभियान के तहत 3,496 स्थानों की जांच की गई।
