Skip to content
हिन्दी
BREAKING

चित्तौड़गढ़ में रिफंड का झांसा देकर 2.65 लाख रुपये ठगे

Updated:

चित्तौड़गढ़ में साइबर ठगों ने पेटीएम कर्मचारी बनकर एक नाश्ता विक्रेता से 2.65 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित के मोबाइल से ऑनलाइन लोन भी ले लिया गया।

चित्तौड़गढ़ का एक पुलिस थाना
— Times of Rajasthan

चित्तौड़गढ़ जिले के नरपत की खेड़ी निवासी एक नाश्ता विक्रेता से साइबर ठगों ने 756 रुपये के रिफंड का लालच देकर 2.65 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी खुद को पेटीएम कंपनी का कर्मचारी बताकर छह दिन तक पीड़ित को झांसे में लेते रहे।

पुलिस थाना सदर चित्तौड़गढ़ के अनुसार, पीड़ित अशोक चौबिसा ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है जिसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। ठगों ने न केवल खाते की रकम उड़ाई, बल्कि पीड़ित के मोबाइल से ऑनलाइन लोन भी स्वीकृत करा लिया।

ऐसे दिया ठगी को अंजाम

पीड़ित अशोक चौबिसा ने पुलिस को बताया कि 1 नवंबर को एक अज्ञात व्यक्ति उनकी दुकान पर आया और खुद को पेटीएम कर्मचारी बताकर मोबाइल में कुछ प्रक्रिया की। जाते समय उसने 756 रुपये का रिफंड जल्द खाते में आने की बात कही। इसके बाद 2, 5 और 6 नवंबर को अलग-अलग माध्यमों से संपर्क कर ठगों ने पीड़ित का फोन अपने हाथ में लिया और तकनीकी सुधार का झांसा देते रहे।

इस दौरान ठगों ने पीड़ित के नाम पर 95 हजार रुपये का ऑनलाइन लोन भी ले लिया। तकनीकी जानकारी के अभाव में पीड़ित इसे रिफंड प्रक्रिया का हिस्सा मानते रहे। छह नवंबर को बैंक खाते की जांच करने पर कुल 2.65 लाख रुपये गायब मिलने पर ठगी का खुलासा हुआ।

पुलिस जांच जारी

घटना के बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर से यह जीरो नंबर प्राथमिकी सीसीटीएनएस के जरिए सदर थाना चित्तौड़गढ़ भेजी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

स्रोत: Times of Rajasthan

Source: Times of Rajasthan

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News