चित्तौड़गढ़ जिले के नरपत की खेड़ी निवासी एक नाश्ता विक्रेता से साइबर ठगों ने 756 रुपये के रिफंड का लालच देकर 2.65 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी खुद को पेटीएम कंपनी का कर्मचारी बताकर छह दिन तक पीड़ित को झांसे में लेते रहे।
पुलिस थाना सदर चित्तौड़गढ़ के अनुसार, पीड़ित अशोक चौबिसा ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है जिसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। ठगों ने न केवल खाते की रकम उड़ाई, बल्कि पीड़ित के मोबाइल से ऑनलाइन लोन भी स्वीकृत करा लिया।
ऐसे दिया ठगी को अंजाम
पीड़ित अशोक चौबिसा ने पुलिस को बताया कि 1 नवंबर को एक अज्ञात व्यक्ति उनकी दुकान पर आया और खुद को पेटीएम कर्मचारी बताकर मोबाइल में कुछ प्रक्रिया की। जाते समय उसने 756 रुपये का रिफंड जल्द खाते में आने की बात कही। इसके बाद 2, 5 और 6 नवंबर को अलग-अलग माध्यमों से संपर्क कर ठगों ने पीड़ित का फोन अपने हाथ में लिया और तकनीकी सुधार का झांसा देते रहे।
