नई दिल्ली में 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में 21 नवंबर को राजस्थान दिवस पर एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक संगीत और लोक नृत्य की मनमोहक झलक देखने को मिली।
सांस्कृतिक संध्या में राजस्थानी नृत्यों की प्रस्तुतियां
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य आवासीय आयुक्त श्री रोहित कुमार के मुख्य आतिथ्य में किया गया। राजस्थान पवेलियन के निर्देशक श्री हर्ष शर्मा, पर्यटन विभाग की डिप्टी डायरेक्टर श्रीमती दीपाली शर्मा, डिप्टी डायरेक्टर आईटी श्री छत्रपाल यादव और टूरिस्ट ऑफिसर श्री मनोज शर्मा ने दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का आरंभ किया।
- कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना एवं चरकुला नृत्य से हुई, जिसे डीग के श्री मन्नू शर्मा ने प्रस्तुत किया।
- जैसलमेर के श्री हयात खां लंगा द्वारा खड़ताल वादन एवं गायन की प्रस्तुति दी गई।
- किशनगढ़ की सुश्री अरुशिका ने चरी नृत्य, अलवर के श्री जाकिर खान मेवाती ने भपंग वादन और नई दिल्ली के श्री सुरेश व्यास ने भवाई नृत्य प्रस्तुत किया।
इसी क्रम में अजमेर की सुश्री रिया कंवर ने घूमर नृत्य, चूरू के श्री गोपाल गिला ने चंग ढप नृत्य और बाड़मेर के श्री गजेंद्र बानिया ने गैर नृत्य की प्रस्तुति दी। जोधपुर के श्री सोहन ने कालबेलिया नृत्य और डीग के श्री विष्णु शर्मा ने मयूर नृत्य एवं फूलों की नृत्य प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन दौसा के श्री अशोक शर्मा द्वारा किया गया।
