पटना। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने के मामले में बिहार में विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा बिहार प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य कृष्णा कुमार सिंह ने इस संबंध में कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
शिकायतकर्ता कृष्णा कुमार सिंह के अनुसार, रविवार को पटना के गांधी मैदान स्थित बापू सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी की। भाजपा नेता ने इस टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए इसे अनुचित बताया है।
