केंद्रीय गृह मंत्री के निम्बाहेड़ा एवं अलवर दौरे की तैयारियों की मुख्य सचिव ने की समीक्षा

जयपुर, 14 अगस्त। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के 16 अगस्त को प्रस्तावित निम्बाहेड़ा (चित्तौड़गढ़) एवं अलवर दौरे की तैयारियों की मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने शुक्रवार को शासन सचिवालय में समीक्षा की। उन्होंने संबंधित जिला प्रशासन को कार्यक्रमों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर समन्वय के साथ समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने निम्बाहेड़ा (चित्तौड़गढ़) में प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभा स्थल, मंच, पार्किंग, हेलीपैड, सुरक्षा, चिकित्सा, विद्युत एवं सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली और सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया जाना प्रस्तावित है। साथ ही चित्तौड़गढ़ एवं अलवर जिलों के कुल 1,877 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी होगा।

मुख्य सचिव ने ‘जल अर्पण’ को प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि यह जल जीवन मिशन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव होगा। इसके तहत प्रदेश के 2,500 गांवों की 1,212 पूर्ण योजनाओं का शुभार्पण प्रस्तावित है। उन्होंने सभी जिलों में व्यापक भागीदारी और विशेष रूप से भीलवाड़ा, सवाई माधोपुर, टोंक एवं पूर्वी राजस्थान के जिलों में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव जल संसाधन विभाग श्री अभय कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव सार्वजनिक निर्माण विभाग श्री प्रवीण गुप्ता, प्रमुख शासन सचिव जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भू-जल विभाग श्री हेमन्त कुमार गेरा, प्रमुख शासन सचिव वित्त श्री वैभव गालरिया, प्रमुख शासन सचिव पशुपालन श्री विकास सीतारामजी भाले, प्रमुख शासन सचिव कृषि एवं उद्यानिकी श्रीमती मंजू राजपाल, शासन सचिव एवं पंजीयक सहकारिता विभाग डॉ. समित शर्मा, शासन सचिव सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग डॉ. रवि कुमार सुरपुर, शासन सचिव कार्मिक विभाग श्रीमती अर्चना सिंह, सचिव मुख्यमंत्री राजस्थान एवं शासन सचिव सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी जिला कलेक्टर, संभागीय आयुक्त जयपुर तथा संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *