बीकानेर। बीकानेर नगर निगम चुनाव में बीजेपी ने वार्ड 13 से डॉ. सुरेंद्र शेखावत को प्रत्याशी बनाकर चुनावी मैदान में उतार दिया है। टिकट मिलते ही वार्ड की सियासत में हलचल तेज हो गई है। डॉ. शेखावत आज नामांकन दाखिल कर अपने चुनावी अभियान का औपचारिक आगाज करेंगे।
डॉ. सुरेंद्र शेखावत के लिए यह चुनाव महज वार्ड का चुनाव नहीं, बल्कि स्थानीय राजनीति में अपनी पकड़ को और मजबूत करने का मौका भी माना जा रहा है। खास बात यह है कि शेखावत पिछले विधानसभा चुनाव में बीकानेर पूर्व विधानसभा सीट से दावेदारी कर चुके हैं। बीकानेर की राजनीति में सक्रिय रहने के कारण उनका क्षेत्र के लोगों से संपर्क और राजनीतिक गतिविधियों में भागीदारी पहले से रही है।
जनता से सीधा संवाद बनेगा चुनावी हथियार-शेखावत की सबसे बड़ी ताकत उनके समर्थकों के मुताबिक जनता से सीधा संवाद और लगातार संपर्क है। अब वार्ड 13 से प्रत्याशी बनने के बाद वे इसी संपर्क को चुनावी अभियान में बदलने की तैयारी में हैं। नामांकन के बाद उनका फोकस वार्ड के मतदाताओं से सीधे मिलने, घर-घर संपर्क करने और स्थानीय समस्याओं को समझने पर रहेगा।
