Bikaner:अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री आनंद कुमार ने की वन विभाग के विकास कार्यों की समीक्षा

हरियालो राजस्थान अभियान एवं बजट घोषणाओं के लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करने के दिए निर्देश

बीकानेर, 15 जून। राज्य सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री आनन्द कुमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बीकानेर संभाग के वन विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं, बजट घोषणाओं तथा वन विकास कार्यों की समीक्षा की।

बैठक में हरियालो राजस्थान अभियान, मुख्यमंत्री बजट घोषणाओं एवं विभाग की विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने सभी अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने हरियालो राजस्थान अभियान के तहत पौधारोपण लक्ष्यों की समीक्षा करते हुए आगामी मानसून सत्र में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप पौधारोपण कर आवंटित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही स्थानीय एवं उपयोगी प्रजातियों के अधिकाधिक पौधारोपण तथा उनके संरक्षण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अधिकाधिक पौधारोपण करने तथा आमजन, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं नई पीढ़ी को इस अभियान से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया गया। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य हरित आवरण बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यापक जन जागरूकता विकसित करना है।

बैठक में राज्य सरकार की पंच गौरव योजना की भी समीक्षा की गई। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने स्थानीय प्रजातियों के संरक्षण, पर्यावरणीय जागरूकता और जन भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने पर बल दिया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आमजन, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं युवाओं को पर्यावरण संरक्षण अभियानों से जोड़ने के निर्देश दिए।

श्री आनन्द कुमार ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181, संपर्क पोर्टल, अनुकंपा नियुक्तियों के प्रकरणों को संवेदनशीलता के साथ त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए समयबद्ध कार्रवाई की जाए।

वन एवं वन्यजीव संरक्षण गतिविधियों में जनसहभागिता बढ़ाने पर जोर देते हुए उन्होंने विभागीय अधिकारियों को राज्य सरकार द्वारा संचालित ग्रामीण सेवा शिविरों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा आमजन को वन संरक्षण के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन भूमि अतिक्रमण एवं अन्य प्रकरणों के त्वरित निस्तारण पर भी विशेष बल दिया।

बैठक में प्रधान मुख्य वन संरक्षक (कार्य आयोजना, वन बंदोबस्त एवं आईएफएस) श्री अनुराग भारद्वाज, बीकानेर संभाग के संभागीय मुख्य वन संरक्षक श्री हनुमाना राम, उपवन संरक्षक हनुमानगढ़ श्री सुरेश कुमार आबूसरिया, उपवन संरक्षक श्रीगंगानगर श्री राकेश दुलार, उपवन संरक्षक चूरू श्री संदीप छलाणी, उपवन संरक्षक बीकानेर श्री जी. वेंकटेश, उपवन संरक्षक आईजीएनपी प्रथम श्री दिलीप सिंह राठौड़, उपवन संरक्षक आईजीएनपी द्वितीय श्री बलराम एवं बीकानेर वन मंडल के सहायक वन संरक्षक डॉ पूजा पंचारिया एवं सहायक वन संरक्षक श्री डूंगरगढ़ श्री सत्यपाल चौधरी सहित संभाग के विभिन्न वन अधिकारियों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *