- प्रदेश के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में कायाकल्प स्वच्छता अभियान आयोजित—
- अस्पतालों में साफ-सफाई , संक्रमण नियंत्रण और जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन पर दिया जोर ,
- स्वच्छ एवं सुरक्षित अस्पताल मरीजों के बेहतर उपचार के लिए जरूरी
जयपुर , 27 अक्टूबर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में निरन्तर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में कायाकल्प गतिविधियों (स्वच्छता एवं साफ-सफाई) के तहत एक दिवसीय विशेष अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य अस्पतालों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना , संक्रमण की रोकथाम सुनिश्चित करना तथा मरीजों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना रहा।
प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग श्रीमती गायत्री राठौड़ ने कहा कि अस्पतालों में स्वच्छता और साफ-सफाई केवल व्यवस्था का हिस्सा नहीं , बल्कि मरीजों की सुरक्षा और बेहतर उपचार से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं संस्थान प्रमुखों को स्वास्थ्य संस्थानों में नियमित साफ-सफाई , संक्रमण नियंत्रण के निर्धारित प्रोटोकॉल की पालना तथा जैव चिकित्सा अपशिष्ट का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
