Skip to content
BREAKING

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में स्वस्थ राजस्थान की साकार होती परिकल्पना

Updated:

प्रदेश के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में कायाकल्प स्वच्छता अभियान आयोजित—

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में स्वस्थ राजस्थान की साकार होती परिकल्पना
— सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान
  • प्रदेश के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में कायाकल्प स्वच्छता अभियान आयोजित—
  • अस्पतालों में साफ-सफाई , संक्रमण नियंत्रण और जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन पर दिया जोर ,
  • स्वच्छ एवं सुरक्षित अस्पताल मरीजों के बेहतर उपचार के लिए जरूरी

जयपुर , 27 अक्टूबर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में निरन्तर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में कायाकल्प गतिविधियों (स्वच्छता एवं साफ-सफाई) के तहत एक दिवसीय विशेष अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य अस्पतालों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना , संक्रमण की रोकथाम सुनिश्चित करना तथा मरीजों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना रहा।

प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग श्रीमती गायत्री राठौड़ ने कहा कि अस्पतालों में स्वच्छता और साफ-सफाई केवल व्यवस्था का हिस्सा नहीं , बल्कि मरीजों की सुरक्षा और बेहतर उपचार से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं संस्थान प्रमुखों को स्वास्थ्य संस्थानों में नियमित साफ-सफाई , संक्रमण नियंत्रण के निर्धारित प्रोटोकॉल की पालना तथा जैव चिकित्सा अपशिष्ट का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

अभियान के तहत अस्पतालों के अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों , बाह्य रोगी विभागों (ओपीडी) , वार्डों और सार्वजनिक सुविधाओं की गहन सफाई , हाथों की स्वच्छता संबंधी प्रोटोकॉल की पालना तथा अस्पताल परिसरों में अनावश्यक सामान एवं कबाड़ हटाने जैसी गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित किया गया। साथ ही , अस्पताल परिसर के खुले एवं हरित क्षेत्रों की साफ-सफाई और बेहतर रखरखाव पर भी जोर दिया गया।

केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार इस अभियान में मेडिकल कॉलेजों , नर्सिंग , फार्मेसी एवं संबद्ध स्वास्थ्य शिक्षा संस्थानों , जिला अस्पतालों , उप जिला अस्पतालों , सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों सहित विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को शामिल किया गया।

अभियान की गतिविधियों की निगरानी और रिपोर्टिंग के लिए संस्थानवार जानकारी , अभियान से संबंधित गतिविधियों का विवरण तथा सफाई से पहले और बाद की जियोटैग्ड तस्वीरें संकलित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके माध्यम से स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता संबंधी प्रयासों की निगरानी और बेहतर कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया।

ओटाराम/ब्रजेश

स्रोत: Times of Rajasthan

Source: Times of Rajasthan

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News