- केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने मंत्रालय के कार्यालयों में स्वच्छता का जायजा लिया, स्वास्थ्य जांच शिविर का निरीक्षण किया और सफाई मित्रों से बातचीत की
- विशेष अभियान 6.0 के तहत कायाकल्प गतिविधियों के अंतर्गत सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श की व्यवस्था की गई
- ‘संवाद’ कार्यक्रम में सफाई मित्रों के योगदान को सराहा गया और स्वच्छता की संस्कृति को बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया गया
वर्तमान में जारी विशेष अभियान 6.0 के तहत केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने कर्तव्य भवन-1 में सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर और ‘संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया। मंत्रालय की कायाकल्प गतिविधियों के अंतर्गत आयोजित इन पहलों का उद्देश्य सफाई मित्रों के स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देना, स्वच्छ कार्यस्थल बनाए रखने में उनके योगदान को सम्मान देना और स्वच्छता की संस्कृति को मजबूत करना था।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री तथा आयुष मंत्रालय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री प्रतापराव जाधव ने स्वास्थ्य जांच शिविर का दौरा किया और सफाई मित्रों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने उनके स्वास्थ्य और कुशलक्षेम के बारे में जानकारी ली तथा मंत्रालय परिसर में साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने के लिए उनके समर्पित प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक डॉ. एल.जी. कृष्णा भी मौजूद रहे।
