Skip to content
BREAKING

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने विशेष अभियान 6.0 के तहत सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर और ‘संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया

Updated:

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने मंत्रालय के कार्यालयों में स्वच्छता का जायजा लिया, स्वास्थ्य जांच शिविर का निरीक्षण किया और सफाई मित्रों से बातचीत की

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने विशेष अभियान 6.0 के तहत सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर और ‘संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया
— पत्र सूचना कार्यालय (PIB), भारत सरकार
  • केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने मंत्रालय के कार्यालयों में स्वच्छता का जायजा लिया, स्वास्थ्य जांच शिविर का निरीक्षण किया और सफाई मित्रों से बातचीत की
  • विशेष अभियान 6.0 के तहत कायाकल्प गतिविधियों के अंतर्गत सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श की व्यवस्था की गई
  • ‘संवाद’ कार्यक्रम में सफाई मित्रों के योगदान को सराहा गया और स्वच्छता की संस्कृति को बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया गया

वर्तमान में जारी विशेष अभियान 6.0 के तहत केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने कर्तव्य भवन-1 में सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर और ‘संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया। मंत्रालय की कायाकल्प गतिविधियों के अंतर्गत आयोजित इन पहलों का उद्देश्य सफाई मित्रों के स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देना, स्वच्छ कार्यस्थल बनाए रखने में उनके योगदान को सम्मान देना और स्वच्छता की संस्कृति को मजबूत करना था।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री तथा आयुष मंत्रालय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री प्रतापराव जाधव ने स्वास्थ्य जांच शिविर का दौरा किया और सफाई मित्रों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने उनके स्वास्थ्य और कुशलक्षेम के बारे में जानकारी ली तथा मंत्रालय परिसर में साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने के लिए उनके समर्पित प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक डॉ. एल.जी. कृष्णा भी मौजूद रहे।

विशेष अभियान 6.0 के तहत श्री प्रतापराव जाधव ने मंत्रालय के कार्यालय परिसर का निरीक्षण भी किया और वहां साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर की स्वच्छता की समीक्षा की और कार्यस्थल के रखरखाव की स्थिति का निरीक्षण किया।

स्वास्थ्य जांच शिविर में सफाई मित्रों को जरूरी स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इनमें लंबाई और वजन के आधार पर बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) का आकलन, रक्तचाप की जांच, ब्लड शुगर टेस्ट और हीमोग्लोबिन की जांच शामिल थी। इसके अलावा, उनके स्वास्थ्य की स्थिति का आकलन करने और संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की शुरुआती पहचान के लिए सामान्य चिकित्सा परामर्श, आंखों की बुनियादी जांच और कान, नाक एवं गले (ईएनटी) की जांच भी की गई।

विशेष अभियान 6.0 की गतिविधियों के तहत मंत्रालय ने कार्यस्थलों को स्वच्छ और स्वास्थ्यकर बनाए रखने में सफाई मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार करने के लिए ‘ संवाद’ कार्यक्रम भी आयोजित किया। संयुक्त सचिव एलंगबाम रॉबर्ट सिंह ने सफाई मित्रों से बातचीत की और उनकी समर्पित सेवाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने रोजमर्रा के जीवन में स्वच्छता को अभिन्न हिस्सा बनाने, आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने और इन मूल्यों को आने वाली पीढ़ियों में विकसित करने के महत्व पर जोर दिया। इस कार्यक्रम में सफाई मित्रों को अपने अनुभव, प्रतिक्रिया और सुझाव साझा करने का अवसर भी मिला।

विशेष अभियान 6.0 के तहत आयोजित इन पहलों ने स्वच्छता को बढ़ावा देने के साथ-साथ उन लोगों के स्वास्थ्य, गरिमा और कल्याण के प्रति मंत्रालय की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया, जो कार्यस्थलों को स्वच्छ और स्वास्थ्यकर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्वच्छता की समीक्षा, निवारक स्वास्थ्य सेवाओं, योगदान के सम्मान और संवाद को एक साथ जोड़कर मंत्रालय ने स्वच्छ, स्वस्थ और समावेशी कार्यस्थल बनाने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी और निरंतर प्रयासों के महत्व को दोहराया।

स्रोत: Times of Rajasthan

Source: Times of Rajasthan

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News