बीकानेर, 25 जून। राजस्थान भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. सुरेंद्र सिंह ने माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा को पीबीएम अस्पताल (सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध चिकित्सालय समूह), बीकानेर में व्याप्त गंभीर अव्यवस्थाओं, प्रशासनिक लापरवाही तथा रोगियों को हो रही कठिनाइयों को दूर करने हेतु एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा है।
डॉ. सिंह ने ज्ञापन में कहा कि पीबीएम अस्पताल बीकानेर संभाग का सबसे बड़ा एवं प्रमुख सरकारी चिकित्सा केंद्र है, जो न केवल बीकानेर बल्कि चूरू , श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जैसलमेर सहित पूरे उत्तर-पश्चिम राजस्थान के हजारों रोगियों की सेवा करता है। राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और राजस्थान को स्वास्थ्य के क्षेत्र में मॉडल राज्य बनाने की दिशा में कार्यरत है, ऐसे में इस महत्वपूर्ण संस्था की उपेक्षा नहीं की जा सकती।
ज्ञापन में प्रमुख समस्याओं का उल्लेख करते हुए डॉ. सिंह ने बताया कि—
- चिकित्सकों, विशेषकर सुपर स्पेशलिटी डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ एवं पैरामेडिकल स्टाफ की भारी कमी है, जिससे रोगियों को उचित ध्यान एवं समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है।
- आधारभूत संरचना जर्जर एवं अपर्याप्त है। सीमित बेड्स, पुरानी इमारतें, आधुनिक डायग्नोस्टिक उपकरणों (सीटी स्कैन, एमआरआई, अल्ट्रासाउंड) की कमी, आईसीयू, एनआईसीयू, डायलिसिस यूनिट, ब्लड बैंक एवं ट्रॉमा सेंटर जैसी सुविधाओं का अभाव है।
- आवश्यक दवाओं, उपभोग्य सामग्रियों एवं शल्य उपकरणों की नियमित कमी रहती है, जिससे रोगियों को बाहर से खरीदना पड़ता है।
- स्वच्छता एवं रखरखाव की गंभीर कमी है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बना रहता है।
- ओपीडी एवं आईपीडी में अत्यधिक भीड़, लंबी कतारें एवं पंजीकरण में अनावश्यक विलंब होता है, जिससे गरीब एवं ग्रामीण रोगियों को विशेष कठिनाई होती है।
- सोनोग्राफी एवं एमआरआई के लिए एक सप्ताह तक इंतजार करना पड़ता है। जांच काउंटर 24 घंटे नहीं खुलता और निःशुल्क दवाओं, ड्रिप, नीडल, केनुला आदि की भारी कमी चल रही है।