जयपुर, 26 नवंबर। राजस्थान सरकार राज्य में निवेश बढ़ाने के साथ-साथ प्रवासी राजस्थानियों के अनुभव, विशेषज्ञता और ग्लोबल नेटवर्क का भी लाभ उठाना चाहती है ताकि प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति मिल सके। इसी दिशा में प्रवासी राजस्थानी दिवस 2026 के तहत आयोजित होने वाले छह प्रमुख सेक्टोरल सेशन्स में से एक इंडस्ट्रीज सेक्टोरल सेशन में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर विशेष फोकस रहेगा। यह सत्र 10 दिसंबर को जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में आयोजित होगा। इसमें प्रवासी राजस्थानी, निवेशक और उद्योग जगत से जुड़े लोग जुटेंगे। सत्र में विभिन्न क्षेत्रों में उभरते अवसरों, राज्य की औद्योगिक नीतियों और निवेश प्रोत्साहन योजनाओं पर चर्चा होगी। साथ ही, राजस्थान के औद्योगिक विकास को आगे बढ़ाने की दिशा में भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
यह सेशन दो-तरफा संवाद का एक महत्वपूर्ण मंच होगा। इसके माध्यम से राज्य सरकार जहां अपने ग्लोबल प्रवासी समुदाय से जुड़ सकेगी, वहीं प्रवासी राजस्थानियों को प्रदेश में उभर रहे निवेश के अवसरों, अलग-अलग सेक्टर्स की नीतियों, प्रोत्साहनों और विकसित हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर की जानकारी भी मिलेगी। इस सत्र में होने वाली चर्चा से नए निवेश को प्रोत्साहन मिलने के साथ रणनीतिक साझेदारी, तकनीकी सहयोग और ज्ञान के आदान-प्रदान के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है। साथ ही, ऐसे अवसरों की पहचान पर भी जोर रहेगा, जिनसे नए प्रोजेक्ट्स शुरू हो सकें, मौजूदा कारोबार का विस्तार हो और बेहतर रोजगार के अवसर पैदा हों। इससे राजस्थान को निवेश के पसंदीदा डेस्टिनेशन के रूप में और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टमेंट प्रमोशन के आयुक्त श्री नीलाभ सक्सैना ने कहा, “प्रवासी राजस्थानी अपने साथ वैश्विक अनुभव, उद्योग जगत की गहरी समझ और अंतरराष्ट्रीय मार्केट्स की जानकारी लेकर आते हैं। राज्य के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने में उनका योगदान महत्वपूर्ण हो सकता है। यह सेशन विचारों के आदान-प्रदान, नई संभावनाओं को तलाशने और ऐसी साझेदारी बनाने का अवसर देगा, जो राजस्थान के दीर्घकालीन औद्योगिक विकास में सहायक होंगी।"