
छात्राओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक चेतना, मतदान के महत्व तथा अभिव्यक्ति कौशल एवं रचनात्मक प्रतिभा को बढ़ावा देने के उद्देश्य गुरुवार को निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के तत्वावधान में राजकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सवाई माधोपुर में भाषण एवं कविता पाठ प्रतियोगिता आयोजित हुई। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गोपाल सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए नागरिकों में राजनीतिक जागरूकता, संवैधानिक मूल्यों की समझ और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं से लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने की क्षमता को निखारती हैं। कार्यक्रम का आयोजन ईएलसी नोडल अधिकारी डॉ. सदफ सिद्दीकी के निर्देशन में किया गया। उन्होंने बताया कि निर्वाचन साक्षरता क्लब का उद्देश्य युवा मतदाताओं को चुनाव प्रक्रिया, मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है। प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्राओं ने लोकतंत्र, मतदान, महिला सशक्तीकरण, निष्पक्ष चुनाव और नागरिक सहभागिता जैसे विषयों पर अपने विचार रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में भाषण प्रतियोगिता में ईशिता चौधरी तथा कविता पाठ प्रतियोगिता में प्रिया वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ संकाय सदस्य प्रो. प्रदीप मीना सहित महाविद्यालय के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। ---000---
स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार (जिला सवाई माधोपुर) · 26 नवम्बर 2026, 05:28 PM — मूल विज्ञप्ति
