राजस्थान सरकार सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय, श्रीगंगानगर निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 विधानसभावार मतदाता सूचियों के प्रारूप का प्रकाशन राजनैतिक दलों को सौंपी विधानसभावार मतदाता सूचियां श्रीगंगानगर, 12 नवम्बर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के संदर्भ में निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देने के लिए सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डाॅ. अमित यादव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इस दौरान प्रतिनिधियों को अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के संदर्भ में निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देने के साथ-साथ पात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में जोडने का आह्वान किया गया। प्रतिनिधियों को मतदाता सूचियों के प्रारूप प्रकाशन की हार्ड व साॅफ्ट काॅपी भी सौंपी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त निर्देशों के अनुसार 12 नवम्बर को विधानसभावार मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन किया गया है। इन पर दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 12 नवम्बर से 11 दिसम्बर तक रहेगी। दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण की तिथि 28 दिसम्बर तक रहेगी। 4 जनवरी 2027 को अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन होगा। 12 नवम्बर 2026 से पूर्व ऐसे भावी मतदाता जो 1 जनवरी 2027 को पात्र होंगे, उनके आवेदन लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि आगामी अर्हता तिथि 1 अप्रैल 2027, 1 जुलाई तथा 1 अक्टूबर 2027 को पात्र होंगे, उनके अग्रिम आवेदन भी लिये जायेंगे। पूर्व की तिथियों से संबंधित प्राप्त सभी लंबित दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण करेंगे। मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ सभी विधानसभाओं के बूथ स्तरीय बीएलए नियुक्त करने पर चर्चा हुई। इस दौरान प्रतिनिधियों को जिन मतदान केन्द्रों पर बीएलए द्वितीय की नियुक्ति की गई है, उन मतदान केन्द्रों के बीएलओ के साथ बैठक कर पुनरीक्षण कार्यक्रम और प्रक्रिया की जानकारी देने का आह्वान किया गया।  इसके साथ मतदाताओं को नाम जोड़ने के लिये प्रेरित करने, आवेदन पत्रों के निस्तारण की प्रक्रिया से अवगत करवाने, मतदाता सूची में जेण्डर रेशो व ईपी रेशो में सुधार हेतु प्रोत्साहित करने, मृत और स्थानांतरित व्यक्तियों के नाम हटाने के संबंध में बीएलए द्वारा बीएलओ से समन्वय स्थापित करने पर भी चर्चा हुई। इस दौरान बताया गया कि ईआरओ द्वारा दावों, आपत्तियों का प्रकाशन तथा निस्तारण, ईआरओ कार्यालय के सूचना पट्ट पर प्रदर्शित करना एवं आयोग द्वारा बताए गये कार्यों को समय-समय पर सम्पादित करना होगा।  बैठक में एडीएम प्रशासन श्री सुभाष कुमार, एडीएम सतर्कता श्री अश्विन के. पंवार, एसडीएम श्रीगंगनगर श्री नयन गौतम, आईएनसी से श्री भीमराज डाबी, सीपीआईएम से श्री विजय रेवाड़, श्रीकरणपुर तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित अन्य उपस्थित रहे। (फोटो 1,2 सहित) --------

स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार (जिला गंगानगर) · 12 नवम्बर 2026, 12:14 PM — मूल विज्ञप्ति