जयपुर 23 अक्टूबर। पशुपालन विभाग द्वारा आयोजित नवनियुक्त पशुचिकित्सा अधिकारियों का आमुखीकरण कार्यक्रम शुक्रवार को संपन्न हो गया। कार्यक्रम के दूसरे दिन 'राजस्थान सेवा नियमों के अंतर्गत आचरण नियम एवं अवकाश नियम' विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया।
इस अवसर पर पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. सुरेश चंद मीणा ने सभी नवनियुक्त पशुचिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने सेवाकाल में तकनीकी कौशल के साथ-साथ शासकीय नियमों, नवीनतम संशोधनों और विभागीय निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी अधिकारी फील्ड में जाकर उत्कृष्ट कार्य करेंगे और पशुपालकों की सेवा में विभाग का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम में तकनीकी एवं चिकित्सकीय कार्यों के साथ-साथ कार्यालयीन प्रशासन, विभागीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और वरिष्ठ व अधीनस्थ कार्मिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के नियमों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
