जयपुर, 21 नवंबर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के निर्देशानुसार एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (रालसा), जयपुर के तत्वावधान में चलाए जा रहे ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के द्वितीय चरण के तहत विद्यालय-स्तरीय क्षमता निर्माण एवं निरंतर संवेदीकरण के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर महानगर-द्वितीय द्वारा चयनित सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्रभारी शिक्षकों के लिए शुक्रवार 20 नवंबर को एडीआर सेंटर जयपुर में एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
श्रीमती पल्लवी शर्मा (सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर महानगर-द्वितीय) ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत चयनित लगभग 50 सरकारी एवं निजी विद्यालयों से नामित कुल 79 शिक्षकों (यथासंभव एक पुरुष एवं एक महिला शिक्षक) को प्रशिक्षित किया गया है। सभी प्रशिक्षित शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में बाल सुरक्षा, पॉक्सो जागरूकता एवं विधिक साक्षरता के लिए रिसोर्स पर्सन डीएलएसए मेट्रो-II के रूप में कार्य कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को विद्यालय स्तर पर बच्चों के अधिकारों की रक्षा, निःशुल्क विधिक सहायता की उपलब्धता तथा संवेदनशील मामलों की समयबद्ध मॉनिटरिंग एवं रिपोर्टिंग के लिए सक्षम बनाना है।