- आमजन के साथ की मॉर्निंग वॉक
- प्रधानमंत्री के ‘फिट इंडिया’ अभियान को बताया
- स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
- आमजन के साथ की आत्मीय मुलाकात, समस्याएं सुनीं
- अधिकारियों को मौके पर ही दिए समस्याओं के निस्तारण के निर्देश
जयपुर, 28 अक्टूबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार सुबह जयपुर के सेन्ट्रल पार्क में आमजन के साथ मॉर्निंग वॉक की। इस दौरान उन्होंने प्रातः भ्रमण कर रहे लोगों से आत्मीय मुलाकात कर उनका अभिवादन स्वीकार किया और विभिन्न विषयों पर संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं एवं सुझाव भी लिए। मुख्यमंत्री ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता रखते हुए आमजन को राहत प्रदान करने और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित व्यायाम एवं शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ‘फिट इंडिया’ अभियान स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। जब हम शारीरिक रूप से स्वस्थ होंगे, तो हमारी कार्यक्षमता बढ़ेगी और हम अपने कार्यों को अधिक ऊर्जा एवं उत्साह के साथ कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि सुबह की नियमित दिनचर्या पूरे दिन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है, इसलिए हम सभी को प्रतिदिन सुबह अपने लिए एक घंटे का समय निकाल कर व्यायाम, योग एवं मॉर्निंग वॉक के माध्यम से स्वयं को स्वस्थ और फिट रखना चाहिए।
