


जयपुर, 06 नवम्बर। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव एवं अलवर टाइगर मैराथन के ब्रांड एम्बेसडर व प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता रणदीप हुड्डा ने शुक्रवार को होप सर्कस पर आयोजित दीपोत्सव पर्व पर लेजर एंड साउंड शो एवं भजन संध्या कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने जगन्नाथ जी महाराज एवं त्रिपोलिया महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर की देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना की तथा कम्पनी बाग में 11 हजार दीपकों के दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में शिरकत की एवं कम्पनी बाग रोड पर लगाए गए हाट बाजार का अवलोकन कर स्वयं खरीददारी की व पथ विक्रेताओं से बाजार की व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया।
केंद्रीय वन मंत्रीयादव ने आमजन को दीपावली की शुभाकामनाएं देते हुए कहा कि इस बार अलवर शहर की दीपावली को आकर्षक एवं विशेष बनाने हेतु लेजर एंड साउंड शो के माध्यम से आधुनिक तकनीक एवं आकर्षक प्रकाश संयोजन के जरिए शहरवासियों को क्षेत्र की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं गौरवशाली विरासत से रूबरू कराने का प्रयास किया गया। वहीं यूनाइटेड रोटरी क्लब द्वारा आयोजित भजन संध्या के माध्यम से भक्तिमय प्रस्तुतियों ने आध्यात्मिक वातावरण को और अधिक आनंदमय बनाया गया है। हाट बाजार का किया अवलोकन, पथ विक्रेताओं से बाजार की व्यवस्थाओं का लिया फीडबैक- उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा शहर की स्वच्छता, सुन्दरता एवं पथ विक्रेताओं को एक ही स्थान पर अपने सामान की बिक्री हेतु मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किए गए नवाचार के तहत कम्पनी बाग रोड पर लगाए गए हाट बाजार का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं खरीददारी कर पथ विक्रेताओं की हौसला-अफजाई की तथा पथ विक्रेताओं से बाजार की व्यवस्थाओं का भी फीडबैक लिया।
