जयपुर में दीपावली के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जयपुर विद्युत वितरण निगम (JVVNL) ने व्यापक तैयारियां की हैं। 6 से 11 नवंबर तक खण्ड स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित कर शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा।
कंपनी ने लगभग दो महीने तक चलने वाले अभियान में 33 kV के 153 सब‑स्टेशन, 238 फीडर, 11 kV के 1,424 फीडर, 373 पावर ट्रांसफॉर्मर और 18,638 वितरण ट्रांसफॉर्मर की सघन मेंटेनेंस की। आवश्यकतानुसार फील्ड में सुधार कार्य भी किए गए।
दक्षिण सर्किल में लोड क्षमता में वृद्धि
जयपुर शहर सर्किल (दक्षिण) में सात पावर ट्रांसफॉर्मर की क्षमता 5 MVA से बढ़ाकर 8 MVA की गई और 24 नए वितरण ट्रांसफॉर्मर स्थापित किए। इससे कुल 31 MVA की लोड क्षमता वृद्धि हुई। साथ ही 11 kV के 6 तथा 33 kV के 4 नए फीडर जोड़े गए, जिससे ट्रिपिंग व वोल्टेज समस्याओं में कमी आएगी।
