चूरू। चूरू जिले के ददरेवा के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में ग्राम सोमसीसर के एक ही परिवार के पांच सदस्यों और ग्राम सारायण निवासी वाहन चालक मांगीलाल नाई की मृत्यु के बाद पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग उठाई गई है।
भाजपा नेता एवं चूरू जिला परिषद सदस्य तथा भाजपा प्रत्याशी पराक्रम सिंह राठौड़ ने आज जिला कलेक्टर, चूरू से मुलाकात कर इस संबंध में पत्र सौंपा। उन्होंने मुख्यमंत्री सहायता कोष से हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को अधिकतम आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की।
राठौड़ ने बताया कि इस हादसे में सोमसीसर निवासी परिवार की एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल है, जिसे बेहतर उपचार की आवश्यकता है। वहीं, दिवंगत वाहन चालक मांगीलाल नाई के पीछे तीन छोटे बच्चे रह गए हैं। पिता की मृत्यु के बाद इन बच्चों की शिक्षा, परवरिश और भविष्य की सुरक्षा को लेकर परिवार के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
