मुख्य सामग्री पर जाएं
ब्रेकिंग

भाजपा 22 अक्टूबर से चलाएगी ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान

लेखक Administratorसंपादन: Piyush purohit

अपडेट:

जयपुर, 20 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान चलाएगी। भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि अभियान के तहत…

शेयर करें
भाजपा 22 अक्टूबर से चलाएगी ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान

मुख्य बातें

  1. पदयात्राओं से लेकर युवा संवाद तक होंगे कार्यक्रम
  2. एसआईआर और मतदाता सूची की शुचिता पर रहेगा फोकस

जयपुर, 20 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान चलाएगी। भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि अभियान के तहत प्रदेशभर में प्रेस कॉन्फ्रेंस, पदयात्राएं, विधानसभा स्तर पर बौद्धिक संवाद, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में युवा कार्यक्रम और सोशल मीडिया गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

बगड़ी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची की शुचिता, पात्र नागरिकों के मताधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं के सम्मान को लेकर जनजागरण करना है। पार्टी एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर विपक्ष के आरोपों का जवाब देने के साथ चुनाव आयोग और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में जनता का विश्वास मजबूत करने का संदेश देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष एसआईआर को लेकर भ्रामक सूचनाएं फैला रहा है और अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर दोहरे मापदंड अपना रहा है।

जिला मुख्यालयों पर होंगी पदयात्राएं

अभियान के तहत प्रदेश के जिला मुख्यालयों पर पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी। इनमें मतदाता सूची की शुद्धता, घुसपैठ और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जुड़े मुद्दों पर जनता को जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही 23 से 31 अक्टूबर के बीच प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ‘राष्ट्र चिंतन संवाद’ कार्यक्रम होंगे। इनमें डॉक्टर, वकील, शिक्षक, प्रोफेसर, कारोबारी, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा और अन्य पेशेवर भाग लेंगे। संवाद के दौरान एसआईआर प्रक्रिया, मतदाता सूची में संशोधन और अवैध घुसपैठ जैसे विषयों पर चर्चा होगी।

शैक्षणिक संस्थानों में युवा संवाद

भाजपा महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, आईटीआई और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में ‘लोकतंत्र बनाम भीड़तंत्र—युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित करेगी। इनमें चुनावी निष्पक्षता, नागरिकता, एसआईआर, संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्रीय विकास जैसे विषयों पर युवाओं से संवाद किया जाएगा। अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए विशेषांक पत्रिकाएं, लेख, पुस्तिकाएं और पर्चे भी जारी किए जाएंगे।

रामलाल शर्मा प्रदेश संयोजक नियुक्त

बगड़ी ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा को प्रदेश संयोजक बनाया गया है। प्रदेश मंत्री सीताराम पोसवाल, पूर्व उप महापौर पुनीत कर्नावट और प्रदेश सह कार्यालय मंत्री भवानीशंकर शर्मा को प्रदेश सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा विभिन्न कार्यक्रमों के संचालन के लिए अलग-अलग टोलियों का गठन किया गया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस टोली में प्रमोद वशिष्ठ, लक्ष्मीकांत पारीक और योगेश सिंह सिसोदिया शामिल हैं। पदयात्रा टोली में नारायण मीना, एकता अग्रवाल, विक्रम सिंह शेखावत और नीरज जैन को जिम्मेदारी दी गई है।

राष्ट्र चिंतन संवाद टोली में राजेन्द्र गहलोत, गोपाल शर्मा, राखी राठौड़ और अटल खंडेलवाल शामिल हैं। युवा संवाद टोली में आईदान सिंह भाटी, शंकर गोरा, कैलाश वर्मा और नरेश ओझा को शामिल किया गया है। छात्रों की प्रतिस्पर्धा टोली, घुसपैठिया हटाओ-लोकतंत्र बचाओ टोली और विशेषांक पत्रिकाओं के संचालन के लिए भी अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है।

भाजपा इस अभियान के माध्यम से मतदाता सूची की विश्वसनीयता, पात्र नागरिकों के मतदान अधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति सम्मान का संदेश प्रदेशभर में पहुंचाने की तैयारी कर रही है।

शेयर करें

टिप्पणियां

0 / 1200

टिप्पणियां प्रकाशन के 30 दिन बाद बंद हो जाती हैं।

संबंधित खबरें