जयपुर, 20 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान चलाएगी। भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि अभियान के तहत प्रदेशभर में प्रेस कॉन्फ्रेंस, पदयात्राएं, विधानसभा स्तर पर बौद्धिक संवाद, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में युवा कार्यक्रम और सोशल मीडिया गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
बगड़ी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची की शुचिता, पात्र नागरिकों के मताधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं के सम्मान को लेकर जनजागरण करना है। पार्टी एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर विपक्ष के आरोपों का जवाब देने के साथ चुनाव आयोग और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में जनता का विश्वास मजबूत करने का संदेश देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष एसआईआर को लेकर भ्रामक सूचनाएं फैला रहा है और अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर दोहरे मापदंड अपना रहा है।
