मुख्य सामग्री पर जाएं
ब्रेकिंग

बीकानेर नगर निगम चुनाव: वार्ड 73 में नया ट्विस्ट, अनिल कल्ला की एंट्री से बढ़ी सियासी गर्मी !

लेखक Piyush purohit

अपडेट:

बीकानेर। नगर निगम चुनाव को लेकर बीकानेर की सियासत में टिकटों के ऐलान से पहले ही घमासान तेज हो गया है। वार्ड 73 में कांग्रेस के टिकट को लेकर चल रही खींचतान के बीच अब युवा नेता अनिल…

शेयर करें
Read in English
बीकानेर नगर निगम चुनाव: वार्ड 73 में नया ट्विस्ट, अनिल कल्ला की एंट्री से बढ़ी सियासी गर्मी !

मुख्य बातें

  1. कल्ला आए तो मुकाबले में बढ़ेगा हाई-वोल्टेज फैक्टर
  2. युवा नेता आनंद जोशी और मोहम्मद ताहिर की दावेदारी के बीच आया नया नाम
  3. अनिल कल्ला,पूर्व मंत्री बीडी कल्ला के हैं भतीजे

बीकानेर। नगर निगम चुनाव को लेकर बीकानेर की सियासत में टिकटों के ऐलान से पहले ही घमासान तेज हो गया है। वार्ड 73 में कांग्रेस के टिकट को लेकर चल रही खींचतान के बीच अब युवा नेता अनिल कल्ला का नाम सामने आने से चुनावी समीकरणों में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। कल्ला को कांग्रेस का संभावित उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा ने वार्ड की सियासत को अचानक गरमा दिया है।

अनिल कल्ला,पूर्व मंत्री बीडी कल्ला के भतीजे हैं और इस बार बीकानेर शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए भी दावेदारी कर चुके हैं। ऐसे में उनकी वार्ड 73 से संभावित उम्मीदवारी को सिर्फ पार्षद चुनाव तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे कांग्रेस की ओर से मेयर पद के लिए संभावित चेहरे के तौर पर भी देखा जा रहा है।

भाजपा से दीपक पारीक का नाम चर्चा में-दूसरी ओर भाजपा ने वार्ड 73 से उद्यमी और भाजपा शहर उपाध्यक्ष दीपक पारीक को उम्मीदवार बनाने का फैसला लगभग कर लिया है। हालांकि पार्टी की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा होना बाकी है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि पारीक भी महापौर पद की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए अपनी चुनावी रणनीति और वार्ड की गणित तैयार कर रहे हैं।

ऐसे में यदि कांग्रेस से अनिल कल्ला और भाजपा से दीपक पारीक मैदान में उतरते हैं तो वार्ड 73 का मुकाबला महज पार्षद की सीट का चुनाव नहीं रहेगा, बल्कि दोनों दलों के संभावित मेयर चेहरों के बीच प्रतिष्ठा की लड़ाई के तौर पर भी देखा जा सकता है।

युवा नेता आनंद जोशी और मोहम्मद ताहिर की दावेदारी के बीच आया नया नाम

वार्ड 73 में कांग्रेस टिकट को लेकर पहले से ही शहर कांग्रेस के महासचिव रहे आनंद जोशी और मोहम्मद ताहिर के नामों पर रस्साकशी चल रही थी। दोनों के टिकट के लिए जोर आजमाइश चल रही थी। । लेकिन अब अनिल कल्ला का नाम चर्चा में आने के बाद कांग्रेस की अंदरूनी सियासत में नया ट्विस्ट आ गया है। कल्ला की राजनीतिक पृष्ठभूमि, परिवार की पकड़ और शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए उनकी हालिया दावेदारी को देखते हुए उनके नाम ने अन्य दावेदारों की चिंता बढ़ा दी है।

कल्ला आए तो मुकाबले में बढ़ेगा हाई-वोल्टेज फैक्टर-वार्ड 73 में अगर अनिल कल्ला की उम्मीदवारी पर मुहर लगती है और भाजपा से दीपक पारीक मैदान में आते हैं तो यह मुकाबला बीकानेर नगर निगम चुनाव के सबसे चर्चित मुकाबलों में शामिल हो सकता है। एक तरफ राजनीतिक परिवार की पृष्ठभूमि और युवा चेहरा, तो दूसरी तरफ भाजपा संगठन में सक्रियता और कारोबारी पहचान—दोनों ही पक्ष अपनी-अपनी ताकत के साथ मैदान में उतरने की तैयारी में हैं।

फिलहाल दोनों प्रमुख दलों की ओर से आधिकारिक सूची का इंतजार है, लेकिन वार्ड 73 में टिकट की तस्वीर साफ होने से पहले ही सियासी तापमान चढ़ गया है। टिकट की घोषणा के बाद ही तय होगा कि कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान किसके पक्ष में जाती है और भाजपा के संभावित उम्मीदवार के सामने कौन मैदान संभालता है।

शेयर करें

टिप्पणियां

0 / 1200

टिप्पणियां प्रकाशन के 30 दिन बाद बंद हो जाती हैं।

संबंधित खबरें