
प्रत्येक रक्तवीर को भेंट किया गया खेजड़ी का पौधा
पूगल, बीकानेर । सर्व समाज एवं उप जिला अस्पताल, पूगल के संयुक्त तत्वावधान में उप जिला अस्पताल परिसर में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं एवं समाज के विभिन्न वर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 200 यूनिट रक्तदान किया। रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा के इस पुनीत अभियान में सभी रक्तवीरों का सम्मान किया गया।

शिविर के आयोजन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामस्वरूप ज्यानी, ग्राम पंचायत पूगल के सरपंच सिद्धार्थ सिंह भाटी तथा रक्तदान प्रेरक समाजसेवी विनोद कुमार डारा का मार्गदर्शन एवं प्रेरणा विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। आयोजन को सफल बनाने में एडवोकेट सुरेंद्र कुमार आजाद, अजय गौड़ (कान्हा), मनीष, विक्रम सिंह, राकेश सहारण, नरेंद्र सहारण, राजाराम साहू एवं अबरार रोशन सहित सर्व समाज के प्रबुद्ध नागरिकों एवं युवाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम की विशेष पहल शांति मैत्री मिशन संस्थान, बीकानेर द्वारा की गई। संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकुल गौड़ के नेतृत्व में प्रत्येक रक्तदाता को राजस्थान के राज्य वृक्ष खेजड़ी का पौधा भेंट किया गया। साथ ही रक्तदान शिविर के उपरांत अस्पताल परिसर में सभी अतिथियों, रक्तदाताओं एवं उपस्थित नागरिकों ने सामूहिक रूप से खेजड़ी सहित विभिन्न पौधों का वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर संस्थान के सचिव कपिल गौड़ ने कहा कि रक्तदान जीवन बचाने का सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है, वहीं वृक्षारोपण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव है। उन्होंने कहा कि खेजड़ी केवल राजस्थान का राज्य वृक्ष ही नहीं, बल्कि मरुस्थलीय क्षेत्र की जीवनरेखा है। यह भूमि की उर्वरता बढ़ाने, पशुओं के लिए पौष्टिक चारा, ईंधन एवं फल उपलब्ध कराने के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा शुद्ध वातावरण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने कहा कि पूगल, खाजूवाला एवं पश्चिमी राजस्थान के अनेक क्षेत्रों में सौर ऊर्जा परियोजनाओं के विस्तार के कारण प्राकृतिक वनस्पति एवं खेजड़ी के वृक्षों की संख्या प्रभावित हो रही है। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने घर, खेत एवं सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक खेजड़ी के पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प भी ले।
कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त किया गया। उपस्थित लोगों ने नियमित रक्तदान करने तथा प्रत्येक वर्ष कम से कम एक खेजड़ी का पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प लिया।