राज्य में इस वर्ष मानसून के दौरान औसत से करीब 20 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज किए जाने के बाद गंभीर सूखा जैसे हालात बन गए हैं। इसे देखते हुए भजनलाल सरकार ने प्रदेश के 15 जिलों की 87 तहसीलों को सूखाग्रस्त घोषित करते हुए ₹9,321 करोड़ के विशेष राहत पैकेज का ऐलान किया है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री कार्यालय में आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा और ए. सावंत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
गंभीर और मध्यम श्रेणी में बंटी तहसीलें
सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, प्रभावित 87 तहसीलों में से 73 क्षेत्रों को गंभीर सूखाग्रस्त माना गया है, जबकि शेष 14 तहसीलों को मध्यम सूखाग्रस्त श्रेणी में रखा गया है। इन इलाकों में खेती और पशुपालन पर सबसे बड़ा संकट मंडरा रहा है।
