जयपुर। राजस्थान की युवा फुटबॉल प्रतिभाओं के लिए गर्व की खबर सामने आई है। राजस्थान यूनाइटेड रेजिडेंशियल अकादमी के युवा फुटबॉलर प्रदुन्ना चांगमई का भारतीय अंडर-15 पुरुष राष्ट्रीय टीम के प्रशिक्षण शिविर के लिए चयन हुआ है। चांगमई मूल रूप से असम के रहने वाले हैं और उनका चयन वर्ष 2011 और 2012 में जन्मे खिलाड़ियों के लिए आयोजित राष्ट्रीय कैंप में हुआ है।
राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का मौका-प्रदुन्ना चांगमई के लिए यह चयन उनके फुटबॉल करियर में महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। राजस्थान यूनाइटेड की रेजिडेंशियल अकादमी में प्रशिक्षण लेने के बाद उन्होंने लगातार अपने खेल में सुधार किया और प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय स्तर के चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया।
उनका चयन इस बात को भी दर्शाता है कि राजस्थान में संचालित युवा फुटबॉल अकादमियां अब देश के अलग-अलग हिस्सों से प्रतिभाओं को तलाशकर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धी माहौल उपलब्ध कराने में भूमिका निभा रही हैं।
