श्रीगंगानगर, 23 अक्टूबर। जिला प्रशासन श्रीगंगानगर के तत्वावधान में श्रीगंगानगर स्थापना दिवस-2026 के उपलक्ष्य में महाराजा गंगा सिंह स्टेडियम में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को प्रतियोगिताओं के अंतर्गत छात्र-छात्राओं के बास्केटबॉल, हॉकी, बैडमिंटन तथा 100 मीटर दौड़ के मुकाबले आयोजित किए गए, जिनमें खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
बास्केटबॉल प्रतियोगिता के अंतर्गत आज खेले गए मुकाबले में सेक्रेड हार्ट स्कूल ने डीएवी स्कूल को 43 के मुकाबले 51 अंकों से पराजित किया। छात्रा वर्ग में गुरु हरिकिशन पब्लिक स्कूल, श्रीगंगानगर ने पीएम श्री मटका चौक स्कूल को 14 के मुकाबले 18 अंकों से हराया। वहीं, एसोसिएशन क्लब ने सेक्रेड हार्ट स्कूल को 28-15 के अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस इंस्पेक्टर एवं कबड्डी के गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ी श्री नागेंद्र सिंह ने शिरकत की। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा उनका उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने विभिन्न खेल मुकाबलों का आनंद भी लिया और खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
