- राज्य में आईटी/आईटीईएस कंपनियों, स्टार्टअप्स और तकनीक-संचालित उद्यमिता को बढ़ावा देने/सहायता प्रदान करने के लिए 30,000 वर्ग फुट का नया सुविधा केंद्र
- यह नया केंद्र नवाचार, उत्पाद विकास और रोजगार सृजन के लिए आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर और एक सहयोगी वातावरण प्रदान करेगा
भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाय) के तहत एक प्रमुख विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संगठन , सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) ने आईटी पार्क, सहस्रधारा रोड, देहरादून (उत्तराखंड) में अपनी नई इन्क्यूबेशन सुविधा का उद्घाटन किया। इस केंद्र का उद्घाटन भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी तथा वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद ने उत्तराखंड सरकार के आईटी एवं सुशासन मंत्री श्री प्रदीप बत्रा और कृषि मंत्री श्री गणेश जोशी की गरिमामयी उपस्थिति में किया। इस नई सुविधा का उद्देश्य प्रौद्योगिकी कंपनियों और स्टार्टअप्स को आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रदान करके राज्य के आईटी/आईटीईएस इकोसिस्टम को मजबूत करना है, साथ ही नवाचार, उद्यमिता, उत्पाद विकास और रोजगार सृजन को बढ़ावा देना है।
लगभग 30,000 वर्ग फुट में चार मंजिलों में फैली यह नई इन्क्यूबेशन सुविधा सेमी-फर्निश्ड ऑफिस स्पेस, हाई-स्पीड इंटरनेट कनेक्टिविटी, एक वातानुकूलित व पर्यावरण-अनुकूल कार्य वातावरण, एक ऑडिटोरियम, दो मीटिंग रूम, दो कॉन्फ्रेंस रूम और एक नेटवर्क ऑपरेशन्स सेंटर (एनओसी) प्रदान करती है। इस सुविधा को प्रौद्योगिकी उद्यमों के लिए एक अनुकूल कार्य वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से डिजाइन किया गया है, जो आपस में सहयोग, व्यवसाय विस्तार और प्रगति को सक्षम बनाता है।
