जैसलमेर जैसे विशाल और सीमावर्ती जिलों में आपातकालीन चिकित्सा के दौरान रक्त उपलब्ध कराना अब भी बड़ी चुनौती है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में रक्त संग्रह पर्याप्त है, पर दूरदराज के गांवों तक इसकी त्वरित पहुंच सुनिश्चित करना अभी भी प्राथमिकता है।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि 2024-25 में पूरे देश में कुल 1,46,01,147 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। यह आंकड़ा लगभग 1.46 करोड़ यूनिट की अनुमानित वार्षिक मांग के बराबर है। इसमें से करीब 70 % स्वैच्छिक रक्तदान से आता है, जबकि शेष आवश्यकता परिजनों या अन्य दाताओं के जरिए पूरी होती है।
दूरदराज के इलाकों में सामने आती हैं मुश्किलें
विशेषज्ञों का कहना है कि बड़े शहरों में मजबूत चिकित्सा ढांचा और डिजिटल व्यवस्था के कारण रक्त आसानी से मिल जाता है। लेकिन जैसलमेर के 38,401 वर्ग किलोमीटर में फैले सीमावर्ती जिलों में, जिला मुख्यालय से दूर बसे गांवों तक संकट के समय रक्त पहुंचाना कठिन हो जाता है। सड़क हादसे, प्रसव जटिलताएँ, ऑपरेशन, कैंसर और थैलेसीमिया के रोगियों के लिए यह समयबद्धता बेहद अहम है।
