Skip to content
हिन्दी
BREAKING

बीजेपी के टिकटों के लिए मंथन अब जयपुर में, 27 से 29 अगस्त तक होंगी संभागवार बैठकें

निकाय चुनाव को लेकर जनता में भाजपा के प्रति उत्साह : श्रवण सिंह बगड़ी

Updated:

जयपुर, 26 अगस्त। प्रदेश में प्रस्तावित निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलों में निकाय चुनावों को लेकर हुई चर्चा के बाद अब आखरी मुहर जयपुर में…

बीजेपी के टिकटों के लिए मंथन अब जयपुर में, 27 से 29 अगस्त तक होंगी संभागवार बैठकें

जयपुर, 26 अगस्त। प्रदेश में प्रस्तावित निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलों में निकाय चुनावों को लेकर हुई चर्चा के बाद अब आखरी मुहर जयपुर में लगेगी । इसके लिए जिले से नेताओं को जयपुर बुलाया गया है।

चुनावी रणनीति और संगठनात्मक तैयारियों को लेकर भाजपा की संभागवार बैठकें 27, 28 और 29 अगस्त को जयपुर में आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में प्रदेश के सभी सात संभागों के पार्टी पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि निकाय चुनाव को लेकर आगामी तीन दिनों में सात संभागों की बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में निकाय चुनाव की तैयारियों, संगठन की भूमिका और चुनावी रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 27 अगस्त को अजमेर, उदयपुर और बीकानेर संभाग की बैठक होगी। इसके बाद 28 अगस्त को भरतपुर और कोटा संभाग की बैठकें आयोजित की जाएंगी। वहीं 29 अगस्त को जोधपुर और जयपुर संभाग की बैठक होगी।

संगठन के प्रमुख पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि होंगे शामिल

संभागवार बैठकों में संभाग प्रभारी, संभाग सह प्रभारी, निगम चुनाव प्रभारी, संभागीय निकाय चुनाव संचालन समिति के सदस्य, जिला अध्यक्ष, जिला संगठन प्रभारी, सांसद, वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी, विधायक तथा वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी शामिल होंगे।

बैठकों में संबंधित संभागों के निकाय क्षेत्रों की राजनीतिक एवं संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही आगामी चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं की भूमिका, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा चुनावी तैयारियों को गति देने पर भी चर्चा होगी।

‘कार्यकर्ताओं में अपूर्व उत्साह’-श्रवण सिंह बगड़ी

श्रवण सिंह बगड़ी ने दावा किया कि निकाय चुनाव को लेकर प्रदेशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं में अपूर्व उत्साह है और आम जनता में भी पार्टी के प्रति सकारात्मक माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में पिछले 31 महीनों में किए गए लोक कल्याणकारी कार्यों तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के सुशासन के साथ कार्यकर्ताओं की क्षेत्र में निरंतर सक्रियता का लाभ भाजपा को निकाय चुनाव में मिलेगा।

कांग्रेस पर साधा निशाना

भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कांग्रेस के पूर्व शासन पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान निकायों की स्थिति खराब हुई, शहरी विकास से जुड़े कार्यों में बाधाएं आईं और आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को लेकर जनता में कांग्रेस के प्रति गहरा आक्रोश है।

बगड़ी ने कहा कि आगामी तीन दिनों में होने वाली संभागवार बैठकें निकाय चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगी। पार्टी संगठन इन बैठकों के माध्यम से जमीनी स्तर की स्थिति का फीडबैक लेकर चुनावी रणनीति को और प्रभावी बनाने पर जोर देगा।

Source: press note

Topics:#Rajasthan
Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.