जयपुर, 14 अगस्त। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरहद पर तैनात बीएसएफ के जवान राष्ट्र की सुरक्षा के सजग प्रहरी हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ अर्द्धसैनिक बलों को तकनीक और अत्याधुनिक संसाधनों से लैस करने की दिशा में कदम उठाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को अनूपगढ़ के 2 बीएनएम पहुंचकर बीएसएफ चौकी की बॉर्डर आउटपोस्ट एवं सैन्य हथियारों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान जवानों से संवाद में उन्होंने कहा कि ‘जीवन पर्यन्त कर्तव्य’ के ध्येय वाक्य को सार्थक करते हुए बीएसएफ त्याग, शौर्य, साहस एवं समर्पण से देश की सुरक्षा और संप्रभुता को और मजबूत कर रही है।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बीएसएफ के जवानों ने भारतीय सेना के साथ अदम्य साहस और शौर्य का प्रदर्शन किया। सीमा सुरक्षा के साथ-साथ बीएसएफ के जवान आंतरिक सुरक्षा, आतंकवाद विरोधी अभियानों और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।