Skip to content
BREAKING

साहस, संवेदना और सूझबूझ को सलाम: डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने सराहे सप्ताह के पांच सफलता सूत्र, पुलिसकर्मियों का बढ़ाया हौसला

Updated:

"बेस्ट पुलिस वर्क ऑफ द वीक" में अक्टूबर के दूसरे सप्ताह की उपलब्धियां चयनित; करंट से झुलसे युवक की जान बचाने से लेकर 28 महिला टप्पेबाजों की गिरफ्तारी तक

साहस, संवेदना और सूझबूझ को सलाम: डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने सराहे सप्ताह के पांच सफलता सूत्र, पुलिसकर्मियों का बढ़ाया हौसला
— सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान

जयपुर 26 अक्टूबर। हाई-टेंशन पोल पर चढ़कर युवक की जान बचाने वाला जांबाज कांस्टेबल हो या धार्मिक आयोजन में जेवर चुराने वाली गैंग को दबोचने वाली टीम, राजस्थान पुलिस के जवानों ने बीते सप्ताह फिर साबित किया कि जनसेवा और अपराध के विरुद्ध सख्ती ही उनकी पहचान है। महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा ने अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में जिलों से प्राप्त सफलता कहानियों में से चयनित पांच उत्कृष्ट कार्रवाइयों की मुक्त कंठ से सराहना की है। उन्होंने सभी संबंधित पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे कार्य पूरे पुलिस बल का मनोबल बढ़ाते हैं और आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यही समर्पण, साहस और संवेदनशीलता आगे भी बनी रहेगी और अन्य पुलिसकर्मी भी इनसे प्रेरणा लेंगे।

1. जयपुर पश्चिम: जान की परवाह किए बिना पोल पर चढ़कर बचाई युवक की जान

चेतक 60 पर ड्यूटी के दौरान पीसीआर से सूचना मिलने पर पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। वहां एक व्यक्ति मोतीलाल ठाकुर पुत्र गोकुल (50) निवासी गांव दराडिया थाना रैली जिला सागर एम पी हाल बावड़ी पहाड़ी तलहटी कच्ची बस्ती 33 हजार वोल्ट के हाई-टेंशन तार की चपेट में आकर करंट से गंभीर हालत में पोल पर लटका हुआ था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना खोराबीसल के कांस्टेबल चालक सुनील कुमार (नं. 5512) ने अदम्य साहस दिखाया और तुरंत पोल पर चढ़कर घायल युवक को सुरक्षित नीचे उतारा। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उसकी जान बच गई। कांस्टेबल के इस साहसिक कार्य की चौतरफा सराहना हो रही है।

2. जयपुर उत्तर: राजलक्ष्मी बैंक के फर्जी लोन घोटाले में 2 इनामी आरोपी गिरफ्तार

थाना माणकचौक में "दी राजलक्ष्मी महिला अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, जयपुर" में फर्जी पट्टों और दस्तावेजों के आधार पर 13 फर्जी ऋण खाते बनाकर करोड़ों रुपये हड़पने और बैंक को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज है। इसमें बैंक की पूर्व अध्यक्षा, अधिकारियों, ऋणियों और अधिवक्ताओं सहित कुल 59 आरोपी नामजद हैं। लंबे समय से फरार और बार-बार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहे 10-10 हजार रुपये के दो मुख्य इनामी आरोपियों को विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मुखबिर तंत्र की सूचना पर गिरफ्तार किया। पुलिस अब माल और शेष आरोपियों की तलाश में जुटी है।

3. सीकर: ज्वैलर्स से डकैती के मामले में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार

थाना नेछवा के गनेड़ी क्षेत्र में ज्वैलर्स के साथ हुई डकैती के गंभीर मामले में वांछित रामेश्वर लाल सोनी उर्फ रमेश को पुलिस ने 10 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया। वह 25 हजार रुपये का इनामी और जिला स्तर की टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल था। घटना के 8 महीने बाद मिली इस सफलता से शातिर अपराधी कानून के शिकंजे में आया है।

4. टोंक: निवाई में 50 लाख रुपये के अवैध पटाखे जब्त

टोंक पुलिस अधीक्षक श्री रोशन मीणा के निर्देशन में डीएसटी और निवाई थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 12 अक्टूबर 2026 को निवाई के आदित्य प्लाजा स्थित दुकानों पर दबिश दी। बिना लाइसेंस भारी मात्रा में पटाखे रखने के आरोप में तुलसी राम चंदानी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से करीब 50 लाख रुपये मूल्य के 400 से अधिक बारूद से भरे कार्टन जब्त किए गए। आरोपी के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान जारी है।

5. डीडवाना-कुचामन: भागवत कथा कलश यात्रा में जेवर चुराने वाली अंतरराज्यीय गैंग की 28 महिलाएं गिरफ्तार

डीजीपी का संदेश—

डीजीपी श्री राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि राजस्थान पुलिस का हर जवान जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। अच्छा कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सदैव प्रोत्साहित किया जाएगा और अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

डॉ. कमलेश शर्मा/रवीन्द्र

स्रोत: Times of Rajasthan

Source: Times of Rajasthan

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News