सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत कैंप होंगे आयोजित श्रीगंगानगर, 12 नवंबर। जिला सड़क सुरक्षा समिति द्वारा जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से मुख्य राजमार्गों पर टोल नाकों के समीप विशेष कैंप आयोजित कर सड़क सुरक्षा नियमों की पालना एवं आमजन को जागरूक किया जाएगा। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालना में विशेष जागरूकता अभियान के लिए तिथि एवं स्थान निर्धारित किए गए हैं। अभियान के दौरान संबंधित क्षेत्रों में वाहन चालकों एवं आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी जाएगी तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जागरूक किया जाएगा।  पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. अरविन्द मित्तल ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 नवंबर 2026 को प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक श्रीगंगानगर से रायसिंहनगर नगर सड़क (एनएच-911) पर 3 एम फूसेेवाला टोल नाका, तहसील करणपुर में कैंप आयोजित होगा। इसके अंतर्गत श्रीगंगानगर, केसरीसिंहपुर, करणपुर, गजसिंहपुर एवं रायसिंहनगर थाना क्षेत्र शामिल रहेंगे। इसी प्रकार 9 दिसंबर 2026 को सूरतगढ़ से अर्जुनसर सड़क (एनएच-62) पर हिन्दौर टोल नाका, तहसील सूरतगढ़ में कैंप आयोजित किया जाएगा। इसमें सूरतगढ़ एवं राजियासर थाना क्षेत्र शामिल होंगे। वहीं 23 दिसंबर 2026 को रायसिंहनगर से रोजड़ी सड़क (एनएच -911) पर पतरोड़ा टोल प्लाजा, तहसील घड़साना में विशेष कैंप आयोजित होगा। इसके तहत रायसिंहनगर, अनूपगढ़, घड़साना एवं रावला थाना क्षेत्र शामिल रहेंगे। ड़ॉ. मितल ने बताया कि अभियान के दौरान संबंधित क्षेत्रों के पशुपालन विभाग के कार्मिक एवं नोडल अधिकारी चिन्हित सड़कों पर गौशालाओं का निरीक्षण कर निराश्रित गौवंश को गौशाला में लाने की क्षमता का आकलन करेंगे। साथ ही ग्राम पंचायत एवं नगर पालिका के सहयोग से पालतू पशुओं को सड़क पर खुला नहीं छोड़ने के संबंध में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत संबंधित गांवों में गोष्ठियों का आयोजन कर पशुपालकों को जागरूक किया जाएगा तथा पालतू पशुओं को सड़क पर खुला छोड़ने से होने वाली दुर्घटनाओं एवं इसके दुष्परिणामों की जानकारी दी जाएगी। निर्देशों की पालना नहीं करने पर जिला सड़क सुरक्षा समिति द्वारा नियमानुसार जुर्माना वसूला जाएगा। ----------

स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार (जिला गंगानगर) · 12 नवम्बर 2026, 04:16 PM — मूल विज्ञप्ति