





जयपुर, 27 अक्टूबर। पंचायतीराज आम चुनाव–2026 के तहत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनावों को लेकर मंगलवार को सेठ मोतीलाल कॉलेज, झुंझुनूं में मतदान दलों का द्वितीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को रवाना किया तथा चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने मतदान दलों को संबोधित करते हुए कहा कि आयोग की ओर से निर्वाचन संबंधी सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। अब चुनाव कार्य में लगे सेक्टर मजिस्ट्रेट, एरिया मजिस्ट्रेट, मतदान दलों सहित सभी कार्मिकों की जिम्मेदारी है कि वे उन्हें सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी सजगता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित की जाए, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकें। उन्होंने मतदान दलों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी परिस्थिति में निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
