- 5 वर्ष तक के 92.83 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक,
- मिशन निदेशक ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ समय पर तैयारियां पूरी करने के दिए निर्देश
जयपुर, 23 अक्टूबर। राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के तहत स्टेट टास्क फोर्स की बैठक शुक्रवार को स्वास्थ्य भवन में मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. जोगाराम की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी 22 नवम्बर को प्रदेश के चयनित 32 जिलों में आयोजित होने वाले उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। मिशन निदेशक ने अभियान की सफलता के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
डॉ. जोगाराम ने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए प्रत्येक स्तर पर समन्वय स्थापित करते हुए अभी से तैयारियां शुरू की जाएं। उन्होंने बताया कि चयनित 32 जिलों में 5 वर्ष तक की आयु के 92 लाख 83 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने अभियान में तैनात किए जाने वाले कार्मिकों का समय पर प्रशिक्षण सुनिश्चित करने तथा जिलों में आवश्यक तैयारियों और प्रबंधन के लिए गठित समितियों की बैठकें आयोजित कर व्यापक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
