जयपुर, 26 अक्टूबर। मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में सोमवार को शासन सचिवालय में महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में विभाग की शासन सचिव श्रीमती पूनम एवं निदेशक, समेकित बाल विकास सेवाएं (आईसीडीएस) श्री वासुदेव मालावत, वित्तीय सलाहकार श्री मनोज शांडिल्य सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य सचिव ने विभाग द्वारा शाला पूर्व देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की और उन्हें निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर एनईपी आधारित आधारशिला पाठ्यक्रम को और अधिक प्रभावी करने के निर्देश दिए।
