Skip to content
BREAKING

केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने बीएसएफ जवानों संग मनाई दीपावली

Updated:

‘जोत से जोत जलाते चलो, प्रेम की गंगा बहाते चलो’ गीत गाकर जवानों में भरा उत्साह

केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने बीएसएफ जवानों संग मनाई दीपावली

बीकानेर, 07 नवंबर। केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अर्जुन राम मेघवाल ने हर साल की भाँति इस बार भी शनिवार शाम जिला मुख्यालय स्थित बीएसएफ हेडक्वार्टर में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों के साथ दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने जवानों के साथ फूलझड़ियां जलाकर दीपोत्सव की खुशियां साझा कीं। वहीं, ‘जोत से जोत जलाते चलो, प्रेम की गंगा बहाते चलो’ गीत गाकर जवानों में उत्साह और उमंग का संचार किया।

इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री मेघवाल ने कहा कि बीएसएफ के जवान देश की सीमाओं की मुस्तैदी से सुरक्षा कर रहे हैं, तभी देशवासी शांति और सुरक्षित वातावरण में त्योहार मना पा रहे हैं। उन्होंने जवानों के समर्पण, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय मंत्री एवं बीएसएफ अधिकारियों व जवानों द्वारा पूजा-अर्चना के साथ हुई। इससे पूर्व बीएसएफ अधिकारियों ने बुके भेंट कर केंद्रीय मंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया। दीपावली के उल्लासपूर्ण माहौल में बीएसएफ के जवानों ने भी केंद्रीय मंत्री के साथ उत्साहपूर्वक पर्व मनाया। श्री मेघवाल ने जवानों को लड्डू खिलाकर उनका मुंह मीठा करवाया और दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर कार्यवाहक डीआईजी श्री नवीन मोहन शर्मा, कमांडेंट श्री विक्रम कुंवर, द्वितीय कमान अधिकारी श्री प्रकाश सुरीन सहित बीएसएफ के अधिकारी, जवान एवं उनके परिजन उपस्थित रहे। इनके अलावा डॉ. सत्य प्रकाश आचार्य, श्री गुमान सिंह राजपुरोहित, एवं एडवोकेट श्री अशोक प्रजापत भी मौजूद रहे।कार्यक्रम में मंच संचालन डिप्टी कमांडेंट श्री सातार खान ने किया।

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News