बीकानेर, 7 नवम्बर। जोड़बीड़ आवासीय योजना में मकान बनाकर रहने वाले पहले 21 आवंटियों को बीकानेर विकास प्राधिकरण द्वारा लगभग 70 हजार रुपए निर्माण शुल्क (लेबर सेस के अलावा) की छूट दी जाएगी। साथ ही इन इक्कीस आवंटियों के घरों में 50 हजार रुपए की लागत से रेन वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर का निर्माण भी बीडीए द्वारा ही करवाया जाएगा।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा ने शनिवार को जोड़बीड़ आवासीय योजना में आयोजित जनसुनवाई एवं संवाद कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की। इस दौरान बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त श्रीमती स्नेहल धायगुड़े नाना, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) श्री उम्मेद सिंह रतनू, बीडीए उपायुक्त श्री कुणाल राहड़, उप महापौर श्री पंकज गहलोत, श्री तेजा राम मेघवाल, अधिशासी अभियंता श्रीमती वंदना शर्मा, निदेशक (प्लानिंग) श्री पुनीत शर्मा सहित अन्य अधिकारी और आवंटी मौजूद रहे।

इस दौरान श्री गोदारा ने कहा कि जोधपुर आवासीय योजना राज्य सरकार और स्थानीय बीडीए प्रशासन के लिए अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना है। यहां लगभग 5600 भूखंड हैं। इन सभी भूखण्डों पर मकान बनने पर यह बहुत बड़ी आवासीय योजना का रूप ले लेगी। उन्होंने कहा कि इस आवासीय योजना का विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें धन और संसाधनों की किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
