बीकानेर, 7 नवम्बर। डॉ. एच.पी. व्यास की जन्मजयंती के अवसर पर शनिवार को आयोजित स्मृति समारोह में केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने डॉ. व्यास के वैज्ञानिक योगदान, राष्ट्रप्रेम, कार्यशैली, नैतिक मूल्यों एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्व को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्य अतिथि श्री अर्जुन राम मेघवाल ने डॉ. व्यास के व्यक्तित्व को सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और राष्ट्रसमर्पण का अद्भुत उदाहरण बताया। उन्होंने उनके जीवन से जुड़ा प्रसंग साझा करते हुए बताया कि देश के प्रति समर्पण के कारण उन्होंने विदेश में लगभग एक करोड़ रुपये के वेतन के अवसर को छोड़कर भारत लौटना स्वीकार किया और अपेक्षाकृत कम वेतन पर देश की सेवा को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि डॉ. व्यास सत्य और नैतिकता के पक्षधर थे तथा योग्य एवं ईमानदार व्यक्तियों को अवसर देने में विश्वास रखते थे। उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।


