बीकानेर। मरुधरा की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक पहचान और परंपराओं के लिए प्रसिद्ध बीकानेर में दीपावली का पर्व इस बार भी पूरे उल्लास, उमंग और उत्साह देखते ही बन रहा है । दीपोत्सव के अवसर पर पूरा शहर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। शहर के प्रमुख बाजारों, ऐतिहासिक दरवाजों, चौराहों और व्यावसायिक क्षेत्रों में की गई आकर्षक विद्युत सजावट ने बीकानेर की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए। शाम ढलते ही शहर का नजारा देखते ही बन रहा था। ऐसा लग रहा था मानो पूरा बीकानेर रोशनी की चादर ओढ़कर दीपोत्सव का स्वागत कर रहा हो।
दीपावली की तैयारियां कई दिन पहले से ही शुरू हो गई थीं। शहर के प्रमुख बाजारों में दुकानों और प्रतिष्ठानों को आकर्षक लाइटों, झालरों और सजावटी विद्युत उपकरणों से सजाया गया। कोटगेट, पंचशती सर्किल और शहर के अन्य प्रमुख बाजारों में की गई विशेष सजावट लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। रंग-बिरंगी लाइटों से सजे बाजारों में देर रात तक चहल-पहल बनी रही। बाजारों की सड़कों और दुकानों पर रोशनी का ऐसा नजारा दिखाई दिया कि लोग खरीदारी के साथ-साथ सजावट को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए।

ऐतिहासिक कोटगेट की खूबसूरती ने मोहा मन



