जयपुर,7 नवम्बर। दीपावली के त्योहार को देखते हुए प्रदेश में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह मुस्तैद रखने के निर्देश दिए गए हैं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में आपातकालीन सेवाओं और बर्न यूनिट को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं से जुड़े चिकित्सा कर्मियों के अवकाश निरस्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
चिकित्सा मंत्री ने कहा कि दीपावली के दौरान पटाखों से जलने, आगजनी और अन्य दुर्घटनाओं की आशंका रहती है। ऐसे में सभी अस्पतालों में आपातकालीन उपचार की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बर्न यूनिट में आवश्यक संसाधन, दवाइयां और उपचार संबंधी सुविधाएं उपलब्ध रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि आपातकालीन सेवाओं से जुड़े चिकित्सक एवं अन्य चिकित्सा कर्मी ड्यूटी पर उपलब्ध रहें। अस्पतालों में आवश्यक स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं तैयार रखी जाएं।