बीकानेर के #पीयूषपुरोहित उपाध्यक्ष और #आनंदजोशी को सचिव का दायित्व
जयपुर। एसोसिएशन ऑफ स्मॉल एंड मीडियम न्यूजपेपर्स ऑफ इंडिया (असमनी) राजस्थान इकाई की आयोजित प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में संगठन के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने नई प्रदेश कार्यकारिणी का मनोनयन किया, जिसका कार्यकाल जनवरी 2027 तक रहेगा।
बैठक में संगठन को प्रदेश के प्रत्येक जिले तक सशक्त एवं सक्रिय बनाने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि इस बार सभी संभागों से दो-दो सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सचिव का दायित्व सौंपा जाएगा, ताकि संगठनात्मक गतिविधियों का प्रभावी विस्तार के साथ छोटे एवं मध्यम समाचार पत्रों की समस्याओं और हितों की मजबूती से पैरवी की जा सके।
बैठक में यह भी सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संगठन की गतिविधियों, उपलब्धियों एवं पत्रकारिता से जुड़े समसामयिक विषयों पर आधारित एक स्मारिका प्रकाशित की जाएगी। साथ ही प्रदेशभर के सदस्यों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा संगठन को नई दिशा देने के उद्देश्य से शीघ्र ही राज्य स्तरीय पत्रकार अधिवेशन आयोजित किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने कहा कि संगठन पत्रकारों एवं लघु एवं मध्यम समाचार पत्रों के हितों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहा है। नई कार्यकारिणी के गठन से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा प्रदेशभर में सदस्यता अभियान और संगठनात्मक गतिविधियों को गति प्रदान की जाएगी।