जयपुर, 7 नवंबर 2026। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में दीपोत्सव के दूसरे दिन छोटी दिवाली के अवसर पर हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ दीपोत्सव मनाया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भगवान गणेश का विधिवत पूजन-अर्चन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, संगठन महामंत्री अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, भूपेंद्र सैनी, प्रदेश मंत्री सीताराम पोसवाल, अपूर्वा सिंह, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, जयपुर महापौर सुनील कोठारी, विधायक गोपाल शर्मा, कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, सह कार्यालय प्रभारी भवानी शंकर शर्मा, मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ तथा जिलाध्यक्ष अमित गोयल सहित प्रदेश पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव की खुशियां साझा कीं। इसके पश्चात भव्य आतिशबाजी के साथ उत्सव मनाया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली असत्य पर सत्य की विजय और अज्ञान रूपी अंधकार से ज्ञान एवं प्रकाश की ओर अग्रसर होने का पर्व है। यह पर्व प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए, ऐसी मंगलकामना है। राष्ट्रीय संकल्प की सिद्धि में हम सभी की सहभागिता आवश्यक है। हमें राष्ट्र को सर्वोपरि रखते हुए प्रत्येक कार्य में राष्ट्रहित को प्राथमिकता देनी होगी। आमजन के जीवन स्तर को ऊँचा उठाना हमारा सामूहिक दायित्व है, वहीं देशभक्ति, राष्ट्रीय चरित्र और सामाजिक जागरूकता को मजबूत करना भी उतना ही आवश्यक है। हमें इस दीपोत्सव पर संकल्प लेना चाहिए कि हम अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए एक जागरूक, सशक्त एवं समृद्ध समाज के निर्माण में योगदान देंगे। इसी से हमारा लोकतंत्र और अधिक सुदृढ़ होगा तथा विकसित भारत का सपना साकार होगा।

राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में आज भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश ने प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए अपनी स्थिति को सुदृढ़ किया है। वहीं राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने निकाय चुनावों में ऐतिहासिक विजय हासिल की है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी पंचायत चुनावों में भी भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ विजय प्राप्त करेगी। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रदेश पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उत्सव की खुशियां साझा कीं।