बीकानेर। कोलायत क्षेत्र में फसल खराबे को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी ने प्रशासन की गिरदावरी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। भाटी का कहना है कि कई गांवों में किसानों की फसल 80 से 100 प्रतिशत तक खराब हो चुकी है, जबकि पटवारी स्तर पर महज 15 से 20 प्रतिशत खराबे की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। भाटी ने सोमवार को बीकानेर में प्रेस कॉन्फ्रेंस की और हालातों के बारे में बताया।
भाटी ने कहा कि खेत में खड़ी फसल की वास्तविक स्थिति और सरकारी रिपोर्ट में जमीन-आसमान का अंतर है। ऐसे में यदि नुकसान का सही आकलन नहीं किया गया तो बड़ी संख्या में किसान उचित मुआवजे से वंचित रह सकते हैं।
कातरा रोग ने बढ़ाई किसानों की परेशानी-कोलायत विधानसभा क्षेत्र के सियाणा, नैणिया, बाला, खाखूसर, हदां, लम्माणा भाटियान, लम्माणा मुलवान, खिन्दासर, नान्दड़ा, भेलू, दासौड़ी, खजोड़ा और खारा लोहान सहित कई क्षेत्रों में मौठ, ग्वार और तिल की फसल प्रभावित होने की बात सामने आई है। कई किसानों के अनुसार कातरा रोग के कारण खेतों में खड़ी फसल को भारी नुकसान हुआ है।

